समाचार अवलोकन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को ई.पी.सी. ठेकेदार के रूप में चयनित किया

06/06/2022

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाई.आई.ए.पी.एल.) ने कार्यभार सौंपने के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को चयनित किया इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और

राष्ट्रीय, 03 जून 2022

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) कार्यों के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का चयन किया है। कंपनी को तीन शॉर्टलिस्टेड टीमों में से चुना गया है, जिन्होंने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के डिज़ाइन, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन में अनुभव प्रदर्शित किया है। टाटा प्रोजेक्ट्स नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टर्मिनल, रनवे, एयरसाइड इन्फ्रास्ट्रक्चर, सड़कें, यूटिलिटीज़, लैंडसाइड सुविधाएं और अन्य सहायक इमारतों का निर्माण करेगा। टाटा प्रोजेक्ट्स को प्रभावी इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण का विशाल अनुभव है और इसके कुछ प्रमुख कार्यों में नया संसद भवन, मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर्स के विभिन्न हिस्से, और मुंबई, पुणे, दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई जैसे शहरों में मेट्रो रेल लाइनें शामिल हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारतीय संस्कृति और मेहमाननवाज़ी को स्विस टेक्नोलॉजी और दक्षता के साथ जोड़ते हुए एक आधुनिक, यूज़र-फ्रेंडली डिज़ाइन विकसित करेगा, जो भारत से प्रेरित होगा। यात्री टर्मिनल को तेज और प्रभावी यात्री प्रवाह, डिजिटल सेवाएं, और न्यूनतम पर्यावरणीय प्रभाव की प्रतिबद्धता जैसे मानकों को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। NIA भारत में एक डिजिटल एयरपोर्ट होगा, जो कॉन्टैक्टलेस यात्रा और परिवारों/वरिष्ठ नागरिकों और व्यवसाय यात्रियों के लिए पर्सनलाइज़्ड सेवाएं सक्षम करेगा।

श्री क्रिस्टोफ़ श्नेलमैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने कहा, "हमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन कार्यों के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स के साथ साझेदारी करते हुए खुशी हो रही है। इस EPC अनुबंध के साथ, हमारा प्रोजेक्ट एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां साइट पर निर्माण गतिविधियों की गति में तेजी आएगी। हम टाटा प्रोजेक्ट्स के साथ मिलकर 2024 तक सालाना 12 मिलियन यात्रियों की क्षमता वाला यात्री टर्मिनल, रनवे और अन्य एयरपोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रदान करने के लिए कार्य कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य भारत में एविएशन इकोसिस्टम के समावेशी और टिकाऊ विकास को सक्षम बनाना, बढ़ावा देना और मजबूत करना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट राज्य और देश दोनों में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा।"

श्री विनायक पई, सीईओ और एमडी डेज़िग्नेट, टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने कहा, "हमें यह EPC कार्यभार सौंपे जाने पर गर्व है। टाटा प्रोजेक्ट्स YIAPL के साथ मिलकर भारत का सबसे उन्नत और पर्यावरण-अनुकूल हवाई अड्डा समय पर प्रदान करेगा। हम इसके निर्माण में नवीनतम तकनीकों को अपनाएंगे और गुणवत्ता, सुरक्षा और स्थिरता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करेंगे।"

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का यात्री टर्मिनल एक प्रभावी लेआउट, शानदार डिज़ाइन लैंग्वेज, हरे-भरे क्षेत्रों से युक्त उच्च गुणवत्ता वाले कई क्षेत्रों और ऊर्जा की बचत तथा टिकाऊपन की भावना से युक्त एक संतुलित अवधारणा को शामिल करता है। डिज़ाइन ग्राहक की सुविधा को स्थिरता से जोड़ता है, और समय से परे डिज़ाइन को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए लचीलेपन के साथ प्रस्तुत करता है।

NIA का डिज़ाइन सतत विकास पर केंद्रित है और यह भारत का पहला नेट-ज़ीरो उत्सर्जन वाला एयरपोर्ट होगा। हवाई अड्डे को IGBC प्रमाणित भवनों, वर्षा जल संचयन, ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कचरा प्रबंधन सुविधा जैसे हरे इन्फ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन और विकसित किया जाएगा।

यह डिज़ाइन भारत से प्रेरित होगा और इसमें स्थानीय वास्तुकला से संबंधित डिज़ाइन तत्व शामिल होंगे जो टिकाऊ संचालन में भी योगदान देंगे। उदाहरण के लिए, टर्मिनल का केंद्रीय हरा भरा प्रांगण प्राकृतिक प्रकाश और वेंटिलेशन प्रदान करेगा जिससे ऊर्जा लागत और CO2 उत्सर्जन में कमी आएगी। कैंपस की लैंडस्केपिंग सिर्फ सौंदर्य के लिए नहीं बल्कि उपयोगी मूल्य के लिए डिज़ाइन की गई है।

अन्य स्थानीय डिज़ाइन तत्वों में टर्मिनल फोरकोर्ट पर सीढ़ियां शामिल हैं जो वाराणसी और हरिद्वार के प्रसिद्ध घाटों की याद दिलाएंगी, जो लोगों का स्वागत और एक साथ लाने का प्रतीक हैं। हवेली के रूप जैसे आंगन से ताज़ी हवा और सूर्य का प्रकाश टर्मिनल इमारत में प्रवेश करेगा। क्षेत्र की प्रमुख नदियों से प्रेरित एक सफेद, पारदर्शी, लहरदार छत बहती नदी की छवि प्रस्तुत करेगी। यात्री टर्मिनल में भारतीय वास्तुकला से प्रेरित बारीक सजावटी जाली स्क्रीनें होंगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश राज्य का भव्य प्रवेश द्वार होगा।

ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल AG ने 2019 में हवाई अड्डा विकसित करने की बोली जीती और अब तक विकास की दिशा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें सुरक्षा स्वीकृति, रियायत अनुबंध पर हस्ताक्षर, वास्तुकारों का चयन, ब्रांड पहचान का शुभारंभ, शेयरहोल्डर और राज्य समर्थन समझौते पर हस्ताक्षर, मास्टरप्लान और विकास योजना पर स्वीकृति, SBI के साथ वित्तीय बंद, फ्यूल फार्म के डिजाइन, निर्माण और संचालन के लिए ठेकेदार का चयन, और AAI के साथ CNS-ATM सेवाओं के लिए समझौते शामिल हैं। रियायत अवधि आधिकारिक रूप से 1 अक्टूबर 2021 से प्रारंभ हुई। माननीय प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नवंबर 2021 में भूमिपूजन समारोह के बाद, साइट पर मृदा कार्य और सीमा निर्माण के साथ EPC गतिविधियों की तैयारी शुरू कर दी गई थी। EPC अनुबंध के अंतिम रूप के साथ, हवाई अड्डे का पहला चरण रियायत अवधि की शुरुआत से तीन वर्षों के भीतर पूरा होने की राह पर है।

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड

YIAPL, ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल AG की 100% सहायक कंपनी है, जिसे जेवर में ग्रीनफील्ड नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विकसित करने के लिए एक विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) के रूप में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने 7 अक्टूबर 2020 को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) के साथ रियायत समझौते पर हस्ताक्षर किए, ताकि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) का विकास शुरू किया जा सके। यह कंपनी उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजना को लागू करने की जिम्मेदारी निभाएगी।

टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के बारे में

टाटा प्रोजेक्ट्स भारत की सबसे तेज़ी से बढ़ती और सबसे प्रशंसित इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में से एक है। इसे शहरी और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को निष्पादित करने में विशेषज्ञता प्राप्त है।
कंपनी कमर्शियल बिल्डिंग्स और टाउनशिप, डेटा सेंटर्स और एयरपोर्ट्स, पावर जनरेशन प्लांट्स, पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम्स, ऑयल और गैस रिफाइनरी, केमिकल प्रोसेस प्लांट्स, जल और अपशिष्ट जल प्रबंधन समाधान, माइनिंग और मेटल परिशोधन सेवाएं, और सड़क, रेल और मेट्रो लाइनों के लिए पूरी तरह एकीकृत समाधान प्रदान करती है।
वर्तमान में यह भारत के कुछ प्रमुख प्रोजेक्ट्स जैसे नया संसद भवन, मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर्स के विभिन्न हिस्से और मुंबई, पुणे, दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई जैसे कई शहरों में मेट्रो रेल लाइनों का निर्माण कर रही है। इसने प्रयागराज एयरपोर्ट टर्मिनल को रिकॉर्ड 11 महीनों में तैयार किया है।
यह कंपनी विश्व-स्तरीय परियोजना प्रबंधन तकनीकों का उपयोग करके समय पर प्रोजेक्ट डिलीवरी के लिए प्रतिबद्ध है और सुरक्षा व स्थिरता के लिए इसके मानक अडिग हैं।