नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए बर्ड ग्रुप के साथ एक रियायत समझौता किया है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं के लिए बर्ड ग्रुप का चयन किया है।
नई दिल्ली, 12 अप्रैल 2024
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बर्ड ग्रुप के साथ एक रियायत समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत एयरपोर्ट पर ग्राउंड–हैंडलिंग संसाधन और सेवाएं प्रदान की जाएंगी। यह रणनीतिक साझेदारी एयरपोर्ट पर कुशल और निर्बाध ग्राउंड हैंडलिंग गतिविधियों को सुनिश्चित करेगी, जिससे समग्र यात्री अनुभव बेहतर होगा। बर्ड ग्रुप, जो भारत की एक प्रतिष्ठित कंपनी है, विश्व–स्तरीय ग्राउंड हैंडलिंग क्षमताओं के लिए जाना जाता है, और इसके पास 50 वर्षों से अधिक का अनुभव है तथा यह भारत के 21 एयरपोर्ट्स पर विमानन सेवाएं प्रदान कर रहा है।
इस समझौते के तहत, बर्ड ग्रुप ग्राउंड हैंडलिंग परियोजना के लिए व्यापक ज़िम्मेदारियाँ निभाएगा। इसमें यात्रियों के स्वागत से लेकर रैम्प संचालन और बैगेज की बारीकी से देखभाल तक की सेवाएं शामिल हैं। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को एक कुशल और संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
एयरपोर्ट द्वारा नेट ज़ीरो कार्बन उत्सर्जन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के अनुरूप, बर्ड ग्रुप यह सुनिश्चित करेगा कि सभी ग्राउंड सर्विस इक्विपमेंट (GSE) इलेक्ट्रिक–पावर्ड हों। इससे एयरपोर्ट का कार्बन फुटप्रिंट कम होगा और संचालन अधिक टिकाऊ बन सकेगा।
श्री क्रिस्टोफ श्नेलमैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा, “हम बर्ड ग्रुप के साथ साझेदारी करके बेहद प्रसन्न हैं, जो ग्राउंड हैंडलिंग सेवाओं में अग्रणी है। बर्ड ग्रुप की सिद्ध विशेषज्ञता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता हमारे लिए बेहद मूल्यवान होगी, क्योंकि हम एक विश्व–स्तरीय एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में कार्यरत हैं। ग्राउंड हैंडलिंग एयरपोर्ट के संचालन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, और इस सहयोग के माध्यम से हम हर टचपॉइंट पर उत्कृष्ट ग्राहक अनुभव प्रदान करने की दिशा में अग्रसर हैं।”
“हम इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं! राजधानी के दूसरे एयरपोर्ट पर पहले ग्राउंड हैंडलिंग प्रदाता के रूप में चुना जाना हमारे सफर का एक प्रमुख पड़ाव है। हम सेवा वितरण और स्थिरता के नए मानदंड स्थापित करने के लिए नई प्रक्रियाएं और तकनीकों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” — श्री गौरव भाटिया, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, बर्ड ग्रुप
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारतीय गर्मजोशी और मेहमाननवाज़ी को स्विस तकनीक और दक्षता के साथ जोड़कर एक आधुनिक, उपयोगकर्ता–अनुकूल डिज़ाइन विकसित करेगा, जो भारत से प्रेरित होगा। एयरपोर्ट का पहला चरण, जिसमें एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा। सभी चार विकास चरणों के पूरा होने पर, एयरपोर्ट की क्षमता सालाना 7 करोड़ यात्रियों तक पहुंच जाएगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आई.ए.टी.ए.) कोड– डी.एक्स.एन.) ग्रेटर दिल्ली क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भारत और दुनिया के अन्य शहरों से जोड़ेगा। यह विश्व–स्तरीय एयरपोर्ट स्विस दक्षता और भारतीय मेहमाननवाज़ी को एक साथ लाकर यात्रियों को समृद्ध अनुभव और व्यापक व्यावसायिक आकर्षण और सेवाएं प्रदान करेगा। एनआईए अपने वर्ग का भारत का पहला एयरपोर्ट होगा जो नेट ज़ीरो उत्सर्जन प्राप्त करेगा, जिससे सतत हवाई अड्डा संचालन के लिए एक नया मानक स्थापित होगा।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाई.आई.ए.पी.एल.) की स्थापना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ग्रीनफील्ड परियोजना के विकास, निर्माण और संचालन के लिए की गई थी। यह कंपनी ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100% सहायक इकाई है और यह उत्तर प्रदेश सरकार व भारत सरकार के साथ मिलकर इस सार्वजनिक–निजी भागीदारी परियोजना के कार्यान्वयन की ज़िम्मेदार है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रियायत अवधि 01 अक्टूबर 2021 से शुरू हुई और यह 40 वर्षों तक चलेगी। 2024 के अंत में इसके उद्घाटन के समय, इसमें एक
रनवे और एक टर्मिनल होगा और यह सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा – साथ ही आगे के निर्माण चरणों में इसके और विकास की भी संभावना है।
अधिक जानकारी के लिए कृपया देखें
बर्ड ग्रुप के बारे में
1971 में भारत में स्थापित, बर्ड ग्रुप उद्योग में सबसे बड़े और विविध समूहों में से एक है। भारतीय उप–महाद्वीप, यूरोप और मध्य पूर्व में अपनी उपस्थिति के साथ, बर्ड ग्रुप का मुख्य व्यवसाय सूचना प्रौद्योगिकी, यात्रा और विमानन सेवाएं, हॉस्पिटैलिटी, लग्ज़री रिटेल और शिक्षा को शामिल करता है।
अधिक जानकारी के लिए कृपया देखें
