नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एन.आई.ए.) ने एक प्रीमियम, पूरी तरह इलेक्ट्रिक सेवा प्रदान करने के लिए महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी के साथ साझेदारी की है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इलेक्ट्रिक व्हीकल्स फ्लीट के साथ कनेक्टिविटी को और सशक्त बना रहा है।
नोएडा/नई दिल्ली, 12 दिसंबर 2024
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनआईए) ने यात्रियों के लिए एक प्रीमियम, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा प्रदान करने के लिए महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स 100% इलेक्ट्रिक वाहनों का एक बेड़ा संचालित करेगा, जो यात्रियों को एक आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। यह सेवा आगमन और प्रस्थान कर्ब पर स्थित प्रीमियम पिकअप और ड्रॉप–ऑफ सुविधाओं के साथ आएगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी चलने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह सहयोग यात्रियों के लिए 24x7 निर्बाध और टिकाऊ परिवहन विकल्प सुनिश्चित करेगा। यात्री इस सेवा को कई चैनलों के माध्यम से बुक कर सकेंगे, जिसमें एक समर्पित मोबाइल ऐप, वेबसाइट, कॉल सेंटर, एयरलाइन गठबंधन और एयरपोर्ट कियोस्क शामिल हैं। यह मल्टी–चैनल दृष्टिकोण सभी यात्रियों के लिए बुकिंग की आसान पहुँच सुनिश्चित करेगा।
क्रिस्टोफ श्नेलमैन, सीईओ, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा, “एनआईए पर आपकी यात्रा सामान लेने के बाद समाप्त नहीं होगी। हम महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी के साथ साझेदारी करके उत्साहित हैं ताकि यात्रियों को एक प्रीमियम, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा प्रदान की जा सके, जो एयरपोर्ट से उनके गंतव्य तक एक सहज और पर्यावरण–अनुकूल यात्रा सुनिश्चित करेगी। यह अपने–तरह की पहली एयरपोर्ट–ब्रांडेड कैब सेवा यात्रियों की सुविधा और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के लिए एक नया मानदंड स्थापित करेगी। यह साझेदारी यात्रियों को सर्वश्रेष्ठ–स्तरीय अनुभव प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है — उनके आगमन से लेकर गंतव्य तक।”
महिंद्रा लॉजिस्टिक्स मोबिलिटी का परिचालन मॉडल सुरक्षा और दक्षता पर भी केंद्रित है। ड्राइवरों को एयरपोर्ट प्रोटोकॉल और ग्राहक सेवा मानकों पर कठोर प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे यात्रियों के साथ उच्च–गुणवत्ता की बातचीत सुनिश्चित हो सके। बेड़े का प्रबंधन यात्री मांग और उड़ान कार्यक्रमों के आधार पर रीयल–टाइम में गतिशील रूप से किया जाएगा, जिससे प्रतीक्षा समय कम होगा और सेवा उपलब्धता बढ़ेगी। सेवा की गुणवत्ता को निरंतर मॉनिटर और सुधारने के लिए एक मजबूत फीडबैक प्रणाली भी लागू की जाएगी।
यह साझेदारी एनआईए की स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है, क्योंकि पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बेड़ा एयरपोर्ट को एक हरित और पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदार सुविधा बनाने की दृष्टि को समर्थन देता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारतीय मेहमाननवाज़ी और स्विस तकनीकी दक्षता को मिलाकर भारत से प्रेरित एक आधुनिक और उपयोगकर्ता–अनुकूल डिज़ाइन तैयार करेगा। पहले चरण में एयरपोर्ट में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, जिसकी क्षमता सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी।
सभी चार विकास चरणों के पूरा होने पर, एयरपोर्ट 7 करोड़ यात्रियों को सालाना सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होगा।
- कैब की उपलब्धता: दिन के 24 घंटे, सप्ताह के 7 दिन
- मल्टी–चैनल कैब बुकिंग: समर्पित मोबाइल ऐप, वेबसाइट, कॉल सेंटर, एयरलाइन गठबंधन और एयरपोर्ट कियोस्क
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आई.ए.टी.ए.कोड – डी.एक्स.एन.) ग्रेटर दिल्ली क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भारत और दुनिया के अन्य शहरों से जोड़ेगा। यह विश्व–स्तरीय एयरपोर्ट स्विस दक्षता और भारतीय मेहमाननवाज़ी को मिलाकर यात्रियों को समृद्ध अनुभव और व्यापक व्यावसायिक आकर्षण एवं सेवाएं प्रदान करेगा। एनआईए एक महत्वाकांक्षी नेट–ज़ीरो उत्सर्जन लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध है, जो सतत डिज़ाइन और संचालन सिद्धांतों से समर्थित है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाई.आई.ए.पी.एल.) की स्थापना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट नामक ग्रीनफील्ड परियोजना के विकास, निर्माण और संचालन के लिए की गई थी। यह कंपनी ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100% सहायक इकाई है और उत्तर प्रदेश सरकार व भारत सरकार के साथ मिलकर इस सार्वजनिक–निजी साझेदारी परियोजना के कार्यान्वयन की ज़िम्मेदार है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रियायत अवधि 01 अक्टूबर 2021 से शुरू हुई है और यह 40 वर्षों तक चलेगी। उद्घाटन के समय, एयरपोर्ट में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा और यह 1.2 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता को संभालेगा — साथ ही आगे के निर्माण चरणों में विस्तार की भी संभावना है।
