Noida International Airport and Uber Partner

निर्बाध लास्ट-माइल यात्रा को सशक्त बनाने के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और उबर की साझेदारी

29/05/2025

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए ग्राउंड ट्रांसपोर्ट अनुभव को बेहतर बनाने की रणनीतिक पहल

नई दिल्ली, 29 मई 2025:

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एन.आई.ए.) ने आज भारत के अग्रणी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक उबर के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी का उद्देश्य एयरपोर्ट परिसर से सीधे यात्रियों को निर्बाध और कुशल मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराना है। यह रणनीतिक सहयोग एयर-टू-ग्राउंड यात्रा के लिए विश्वसनीय, तकनीक-सक्षम परिवहन सेवाएं प्रदान करने की एन.आई.ए. की व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

इस समझौते के अंतर्गत, उबर एयरपोर्ट परिसर में समर्पित पिक-अप ज़ोन संचालित करेगा, जिन्हें ऑन-ग्राउंड सहायता और चरणबद्ध वे-फाइंडिंग गाइड्स का समर्थन प्राप्त होगा। इससे यात्रियों को आगमन गेट से लेकर उबर पिक-अप ज़ोन तक आसानी से पहुंचने में मदद मिलेगी। यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए, उबर के ड्राइवर-पार्टनर्स के लिए विशेष पार्किंग स्थान भी निर्धारित किए जाएंगे, जिससे अनुमानित आगमन समय (ETA) में कमी आएगी।

एन.आई.ए. पर उबर की सेवाओं का लाभ उठाने वाले यात्रियों को निम्नलिखित सुविधाएं प्राप्त होंगी:

  • मोबाइल ऐप के माध्यम से रियल-टाइम राइड ट्रैकिंग और अनुमानित आगमन समय

  • अतिरिक्त सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान विकल्प

  • ड्राइवर और वाहन विवरण तक पहुंच, साथ ही इन-ऐप इमरजेंसी / SOS बटन

  • विभिन्न राइड कैटेगरी, जिनमें UberGo, Uber Premier और UberXL (SUV) विकल्प शामिल हैं

  • 24x7 उपलब्धता, जिससे किसी भी समय विश्वसनीय परिवहन सुनिश्चित हो सके

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा,
“हमारा उद्देश्य यात्रियों की पूरी यात्रा को—घर के दरवाज़े से लेकर गंतव्य तक—कुशल और आरामदायक बनाना है। उबर जैसी ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं की उपलब्धता यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम है कि यात्रियों को सुविधाजनक, विश्वसनीय और सुरक्षित लास्ट-माइल परिवहन विकल्प मिल सकें।”

उबर इंडिया और साउथ एशिया में बिज़नेस डेवलपमेंट के निदेशक, अर्नब कुमार ने कहा,
“नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ साझेदारी कर हमें यात्रियों के यात्रा अनुभव को विश्वसनीय और तकनीक-सक्षम मोबिलिटी समाधानों के माध्यम से बेहतर बनाने पर गर्व है। यह सहयोग समर्पित ऑन-ग्राउंड सहायता और उबर ऐप के माध्यम से सहज बुकिंग अनुभव के साथ, निर्बाध और आरामदायक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

यह पहल एन.आई.ए. की एक वास्तविक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनने की परिकल्पना का हिस्सा है। ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं के अलावा, एयरपोर्ट यात्रियों की विविध आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक कनेक्टिविटी विकल्प प्रदान करेगा।

जैसे-जैसे एन.आई.ए. एक प्रमुख क्षेत्रीय परिवहन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है, निर्बाध कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एयरपोर्ट सरकार और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ मिलकर निजी वाहनों की पहुंच को बेहतर बनाने और सार्वजनिक परिवहन विकल्पों के विस्तार पर कार्य कर रहा है। ये सभी विकल्प मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि यात्री एयरपोर्ट तक आने-जाने में सुविधा, दक्षता और लचीलापन अनुभव कर सकें।


नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईएटीए कोड – DXN) ग्रेटर दिल्ली क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भारत और विश्व के अन्य शहरों से जोड़ेगा। यह विश्व-स्तरीय एयरपोर्ट स्विस दक्षता और भारतीय आतिथ्य का संयोजन प्रस्तुत करेगा, जिससे यात्रियों को समृद्ध अनुभवों के साथ व्यापक वाणिज्यिक आकर्षण और सेवाएं उपलब्ध होंगी। एन.आई.ए. सतत डिजाइन और संचालन सिद्धांतों द्वारा समर्थित शून्य-कार्बन उत्सर्जन के महत्वाकांक्षी लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है।

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) की स्थापना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ग्रीनफील्ड परियोजना के विकास, निर्माण और संचालन के लिए की गई थी। यह कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100% सहायक कंपनी है और उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार के साथ निकट सहयोग में सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजना के कार्यान्वयन के लिए उत्तरदायी है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की रियायत अवधि 01 अक्टूबर 2021 से प्रारंभ हुई है और यह 40 वर्षों तक चलेगी। उद्घाटन के समय एयरपोर्ट में एक रनवे और एक टर्मिनल होगा, जिसकी वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी, तथा भविष्य में अतिरिक्त निर्माण चरणों में विस्तार की संभावना रहेगी।

अधिक जानकारी के लिए कृपया www.niairport.in पर जाएं।
हमें Facebook, Twitter, Instagramऔर LinkedInपर फॉलो करें।