नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एन.आई.ए.) ने आज घोषणा की है कि हवाई अड्डे पर व्यावसायिक उड़ान संचालन 15 जून 2026 से शुरू होगा।

राष्ट्रीय, 01 मई 2026
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एन.आई.ए.) ने आज घोषणा की है कि हवाई अड्डे पर व्यावसायिक उड़ान संचालन 15 जून 2026 से शुरू होगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एन.सी.आर.) और उत्तर भारत के यात्रियों, एयरलाइंस तथा कार्गो ऑपरेटर्स के लिए एक नया प्रवेश द्वार खुलेगा।
हवाई अड्डा सेवाओं की शुरुआत माननीय प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने तथा नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो(बी.सी.ए.एस.) से एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ए.एस.पी.) की मंजूरी मिलने के बाद की जा रही है। यह मंजूरी इस बात की पुष्टि करती है कि हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था, सिस्टम्स और संचालन प्रक्रियाएँ सभी नियामकीय मानकों के अनुरूप तैयार हैं।
इंडिगो नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से पहली उड़ान संचालित करेगी, जिससे नियमित यात्री सेवाओं की शुरुआत होगी। इसके बाद जल्द ही आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएँ शुरू करेंगी। उड़ानों के समय, गंतव्यों और यात्री सुविधाओं की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
बढ़ती हवाई यात्रा की मांग को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया यह हवाई अड्डा आधुनिक टर्मिनल सुविधाओं, कुशल संचालन व्यवस्था और मजबूत एकीकृत परिवहन संपर्क प्रणाली का संगम है। इसे इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि यात्रियों को सहज यात्रा अनुभव मिले और एयरलाइंस को भरोसेमंद तथा किफायती संचालन सुविधा प्राप्त हो।
व्यावसायिक संचालन की शुरुआत क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाई.आई.ए.पी.एल) की स्थापना ग्रीनफील्ड परियोजना - नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा - के विकास, निर्माण और संचालन के लिए की गई थी। यह कंपनी ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100% सहायक कंपनी है और उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार के साथ निकट सहयोग में सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजना को लागू करने के लिए जिम्मेदार है। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रियायत अवधि 1 अक्टूबर 2021 से शुरू हुई और 40 वर्षों तक चलेगी। हवाई अड्डे में एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल है, जिसकी वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। मास्टरप्लान के अनुसार रियायत अवधि के दौरान विस्तार कर वार्षिक 7 करोड़ से अधिक यात्रियों की सेवा प्रदान करने की व्यवस्था है।
अधिक जानकारी के लिए कृपया www.niairport.in पर जाएँ।
हमसे फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन.
