नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पूर्ण पैमाने पर संकट तैयारी अभ्यास SAKSHAM 2026 आयोजित किया

29/10/2026

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (NIA) ने 29 अक्टूबर को ‘सक्षम 2026’ नाम से बड़े स्तर पर आपातकालीन परिस्थितियों का समाधान करने का अभ्यास किया।

नोएडा, 29 अक्टूबर 2026

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (NIA) ने 29 अक्टूबर को ‘सक्षम 2026’ नाम से बड़े स्तर पर आपातकालीन परिस्थितियों का समाधान करने का अभ्यास किया। इस अभ्यास में एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न पक्षों, एयरलाइंस, सरकारी विभागों, आपातकालीन सेवाओं और जिला प्रशासन ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में बेहतर तालमेल के साथ तेजी से कार्रवाई करने की तैयारियों को परखना था।

अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के दिशानिर्देशों के अनुरूप किए गए इस अभ्यास में एयरपोर्ट पर आपात स्थिति का एक परिदृश्य तैयार किया गया। इसके जरिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों, एयरपोर्ट की तैयारियों और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का आकलन किया गया। इस अभ्यास में इंडिगो, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), उत्तर प्रदेश पुलिस, एयरपोर्ट मेडिकल सर्विस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), जिला स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं (UP F&ES), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

अभ्यास के दौरान आपातकालीन अलर्ट जारी करने, आग बुझाने, बचाव अभियान चलाने और आपातकालीन एजेंसियों व जरूरी संसाधनों को मौके पर पहुंचाने जैसी प्रमुख गतिविधियों को परखा गया। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन और ग्रीन कॉरिडोर बनाने की व्यवस्था का भी आकलन किया गया, ताकि घायलों को बिना देरी के चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जा सके।

इस दौरान संचार व्यवस्था, सूचनाओं के आदान-प्रदान और प्रतिक्रिया देने में लगने वाले समय की भी समीक्षा की गई। इससे यह समझने में मदद मिली कि समय की कमी वाली आपात स्थिति में विभिन्न एजेंसियां कितनी प्रभावी ढंग से मिलकर काम कर सकती हैं। इस अभ्यास के जरिए मौजूदा प्रक्रियाओं की समीक्षा करने, टीमों के बीच तालमेल को परखने और उन क्षेत्रों की पहचान करने का अवसर मिला, जहां और सुधार की जरूरत हो सकती है।

इस अभ्यास पर टिप्पणी करते हुए नीतू समरा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ने कहा, “एयरपोर्ट के संचालन में सुरक्षा और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी सबसे अहम है। ऐसी किसी भी स्थिति में प्रभावी कार्रवाई इस बात पर निर्भर करती है कि अलग-अलग टीमें और एजेंसियां आपस में कितना बेहतर तालमेल बनाकर काम करती हैं। इस तरह के अभ्यास हमें अपनी प्रक्रियाओं को परखने, सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों को समझने और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने का अवसर देते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर हम पूरी तैयारी के साथ तुरंत कार्रवाई कर सकें।”

यह अभ्यास नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की उन निरंतर कोशिशों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य आपातकालीन प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा करना और संबंधित सरकारी विभागों व एजेंसियों के साथ समन्वय को मजबूत बनाना है। नियमित अभ्यास से टीमों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने और अलग-अलग परिस्थितियों में आपात स्थिति से निपटने की अपनी तैयारी का आकलन करने में मदद मिलती है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बारे में

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IATA कोड – DXN) दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को भारत तथा दुनिया के अन्य शहरों से जोड़ता है। एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए कई यात्री सुविधाएं और व्यावसायिक सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। NIA टिकाऊ डिजाइन और पर्यावरण के अनुकूल संचालन के सिद्धांतों के आधार पर नेट-ज़ीरो उत्सर्जन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) की स्थापना ग्रीनफील्ड नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना के विकास, निर्माण और संचालन के लिए की गई थी। यह कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100% सहायक कंपनी है। उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के साथ साझेदारी में इस सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) परियोजना को लागू करने की जिम्मेदारी कंपनी की है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की रियायत अवधि 1 अक्टूबर 2021 से शुरू हुई और यह 40 वर्षों तक चलेगी। एयरपोर्ट के मास्टर प्लान में इस अवधि के दौरान आगे विस्तार की व्यवस्था की गई है, ताकि भविष्य में यहां सालाना 7 करोड़ से अधिक यात्रियों को सेवाएं दी जा सकें।

अधिक जानकारी के लिए कृपया www.niairport.in पर जाएँ।

हमसे फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन.